सेवा और राष्ट्र प्रथम: एनएमओ ने तिलक लगाकर किया भावी डॉक्टरों का स्वागत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

‘

स्वास्थ्य सेवा – राष्ट्र सेवा’ के संकल्प के साथ चिकित्सा क्षेत्र में कदम बढ़ाएं नवप्रवेशित विद्यार्थी

– मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस 2026 बैच के लिए हुआ नवागत छात्र अभिनंदन समारोह

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ), शिवपुरी इकाई द्वारा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, शिवपुरी में एमबीबीएस 2026 बैच के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए भव्य ‘नवागत छात्र अभिनंदन समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को पहले दिन से ही समाजसेवा, मानवीय मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों से जोड़ना था।

समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भगवान धन्वंतरि, भारत माता तथा स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। छात्र सचिव भोला मेहता ने एनएमओ मंत्र का वाचन किया। मध्य भारत प्रांत विद्यार्थी प्रमुख डॉ. शिवम शर्मा ने अतिथियों का परिचय कराया।

एनएमओ शिवपुरी के इकाई सचिव डॉ. पंकज शर्मा ने संगठन का परिचय देते हुए कहा कि एनएमओ का मूल मंत्र “स्वास्थ्य सेवा – राष्ट्र सेवा” है। उन्होंने कहा कि एनएमओ का सदस्य बनकर पीड़ितों की सेवा करना जीवन का सबसे पुनीत कार्य है।

मुख्य अतिथि एवं ग्वालियर एनएमओ इकाई के अध्यक्ष डॉ. एस.के. शर्मा ने कहा कि चिकित्सा सेवा ईश्वर की सेवा के समान है। मुख्य वक्ता एवं सह-संघचालक डॉ. जे.एस. नामधारी ने देशभर में आयोजित एनएमओ की सेवा यात्राओं, सम्मेलनों और गतिविधियों की जानकारी दी और ग्रामीण अंचलों में सेवा पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

सह संरक्षक डॉ. अनंत कुमार राखुंडे ने जिले में संचालित सामाजिक व चिकित्सकीय गतिविधियों का ब्योरा दिया। मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. इला गुजारिया ने एनएमओ के सेवा कार्यों की सराहना की और छात्रों को राष्ट्रहित के कार्यों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं एनएमओ संरक्षक डॉ. संजय ऋषिश्वर ने कहा कि चिकित्सा पावन क्षेत्र है, जहां आप सीधे मानव जीवन की रक्षा करते हैं। जनसेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।

समापन पर अध्यक्ष डॉ. आशुतोष चौऋषि ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ज्ञान के साथ संस्कार भी आवश्यक हैं, एनएमओ परिवार हर कदम पर साथ खड़ा है। मंच संचालन क्षितिज मिश्रा एवं सृष्टि शर्मा ने किया और समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ।

समारोह में डॉ. राजेंद्र पवैया, डॉ. गौरव जैन, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. राजेंद्र मौर्य, डॉ. विजय प्रसाद सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक, पदाधिकारी और छात्र प्रमुख अनन्य वत्स व छात्रा प्रमुख प्रियांशी बागड़ी, नैतिक गुप्ता उपस्थित रहे।