सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट की मोटरों के प्रस्ताव पर पार्षदों ने किया हंगामा
– कई पार्षदों ने नपाध्यक्ष और सीएमओ पर नियम विरुद्ध बैठक समाप्त करने के लगाए आरोप
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शिवपुरी नगर पालिका परिषद का सम्मेलन मंगलवार को हंगामेदार रहा। हंगामे के कारण बैठक चंद मिनट में ही खत्म हो गई। पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ पर नियमों के विरुद्ध बैठक समाप्त करने का आरोप लगाया।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि बिना प्रोसिडिंग रजिस्टर और बैठक के मिनट्स प्रस्ताव संपादित किए ही बैठक आयोजित की गई। सबसे ज्यादा हंगामा एजेंडा क्रमांक 1 को लेकर हुआ, जिसमें सतनवाड़ा फिल्टर प्लांट पर नवीन मोटरों की दरें स्वीकृत किए जाने का प्रस्ताव था।
भाजपा के एल्डरमैन विवेक अग्रवाल ने कहा कि पीआईसी बैठक में पहले ही मोटरें क्रय करने की स्वीकृति हो चुकी है, फिर भी अधिकारियों ने अपने हित साधने के लिए इसे एजेंडा में रखा। एल्डरमैन विवेक अग्रवाल ने आरोप लगाए की इस बिंदु को एजेंडा के क्रमांक एक पर रखकर नगर पालिका के जिम्मेदारों ने अपना हित साधने के लिए इस मुद्दे को विवादित करने के लिए पूरे मामले को आगे रखा जिससे जिम्मेदार भुगतानकर्ता अपना फायदा उठाएं। जबकि एजेंडा के बिंदु 20 में पीआईसी बैठक की पुष्टि का बिंदु भी है। उन्होंने नपाध्यक्ष व सीएमओ पर नियमों के विपरीत काम करने के आरोप लगाए।
शहर विकास के लिए आयोजित यह बैठक 10 मिनट भी नहीं चल पाई। एल्डरमैन बैठक का बहिष्कार कर बाहर आ गए। महत्वपूर्ण यह रहा कि बैठक में प्रोसिडिंग रजिस्टर ही नहीं रखा गया था, जिसमें पूरी गतिविधि दर्ज की जाती है।
बैठक में पार्षदों से पहले दस्तखत कराकर कोरम पूरा करने पर जोर दिया गया, लेकिन विवाद बढ़ने पर बैठक समाप्त कर दी गई। पार्षदों ने प्रोसिडिंग रजिस्टर की मांग की, जिसके बाद नपाध्यक्ष व सीएमओ बैठक छोड़कर बाहर आ गए।
भाजपा पार्षद ओमी जैन ने आरोप लगाया कि शहर में सफाई, पानी, सड़क व लाइट के काम पार्षदों से नहीं कराए जा रहे, बल्कि कुछ भाजपा नेता करा रहे हैं और कर्मचारी उन्हीं की बात मान रहे हैं।







