अमरकंटक में ‘अर्नब तूफान’ के असर से मूसलाधार बारिश , जनजीवन अस्त-व्यस्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

24 घंटे से लगातार वर्षा के चलते बढ़ी ठंडक , मजदूरों की रोजी-रोटी पर असर , पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित

अमरकण्टक।  श्रवण कुमार उपाध्याय। अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में ‘अर्नब तूफान’ के प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है । बीते 24 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है । गुरुवार 29 अक्टूबर को भी वर्षा का सिलसिला जारी रहने से ठंडक बढ़ गई है । लगातार बारिश के कारण आम लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार 27 अक्टूबर की दोपहर से ही आसमान में काले बादल छाने लगे थे । इसके बाद बुधवार शाम करीब 4 बजे से शुरू हुई बारिश लगातार जारी है । रुक-रुककर कभी तेज तो कभी मध्यम गति से हो रही वर्षा ने नगर की सामान्य गतिविधियों को प्रभावित कर दिया है । ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है ।

मजदूरों की रोजी-रोटी प्रभावित

लगातार बारिश का सबसे अधिक असर दैनिक मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्रमिकों पर पड़ा है । बारिश के कारण पुरुष एवं महिला मजदूर काम पर नहीं जा पा रहे हैं , जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है । स्थानीय नागरिकों को भी जरूरी कामों के लिए घरों से बाहर निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है ।

पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियां धीमी

अमरकंटक के प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर भी बारिश का असर दिखाई दे रहा है । नर्मदा उद्गम मंदिर के आसपास कुछ दुकानों के बंद रहने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं ।
लगातार वर्षा और ठंडे मौसम के कारण
बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल नजर आ रही है ।

बादलों से ढकी वादियां, बढ़ी ठंडक

लगातार बारिश के चलते अमरकंटक की सुरम्य वादियां बादलों से ढकी हुई हैं । प्रकृति का मनोहारी दृश्य जहां पर्यावरण प्रेमियों को आकर्षित कर रहा है , वहीं बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं । सड़कों और रास्तों पर फिसलन के कारण आवागमन में सावधानी बरतना जरूरी हो गया है । अर्नब तूफान के प्रभाव के बीच जारी बारिश ने अमरकंटक के जनजीवन , मजदूरी , कारोबार और पर्यटन गतिविधियों को प्रभावित किया है । अब लोगों को मौसम में सुधार और बारिश थमने का इंतजार है ।