माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर में गरबा उत्सव का भव्य आयोजन
गरबा के धुन थिरकी छात्राएं, दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

अनूपपुर। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, अनूपपुर में दिनांक 15 अक्टूबर को नवरात्रि के पावन अवसर पर गत वर्ष की भाँति गरबा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पारंपरिक गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं लोककलाओं से जोड़ना तथा उनमें सांस्कृतिक अभिरुचि, आत्मविश्वास और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करना था। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उत्सव को आकर्षक एवं उल्लासपूर्ण बना दिया। पूरे परिसर में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रमिला पांडेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों का संरक्षण भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों का सहयोग रहा। गरबा उत्सव ने छात्राओं में एकता, अनुशासन, सहयोग और सांस्कृतिक चेतना की भावना को प्रोत्साहित किया।








