कलेक्टर अर्पित वर्मा ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

प्रसूति वार्ड में महिलाओं से जानी सुविधाएं, लड्डू और पैसे की मांग पर की पूछताछ

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने बुधवार को जिला चिकित्सालय शिवपुरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा सिविल सर्जन डॉ. आर. पी. सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं मरीजों के लिए बनी रोटी खाकर उसकी गुणवत्ता देखी। भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन ही उपलब्ध कराया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

स्त्री एवं प्रसूति वार्ड के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी ली। प्रसूताओं से अस्पताल में लड्डू मिलने की जानकारी ली तथा किसी भी प्रकार के पैसों की मांग किए जाने के संबंध में भी पूछताछ की, जिस पर प्रसूताओं ने पैसे मांगे जाने की बात से इनकार किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में खड़ी एंबुलेंस का जायजा लिया और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। जो एंबुलेंस संचालित स्थिति में नहीं हैं, उन्हें तत्काल बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में 108 एंबुलेंस सेवा के संचालन को पूरी तरह सुदृढ़ किया जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को बिना किसी देरी के त्वरित स्वास्थ्य सेवा मिल सके।