IGNTU के गर्ल्स हॉस्टल की 100 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अनूपपुर। जिले के अमरकंटक में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय (IGNTU) के गर्ल्स हॉस्टल की 100 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। मैस का खाना खाने के बाद सभी को सिरदर्द, पेटदर्द और उल्टियां होने लगीं। सोमवार देर रात सभी को कैंपस में स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। 6 छात्राओं की हालत गंभीर है। डॉक्टरों का कहना है कि छात्राओं को फूड पॉइजनिंग हुई है।

विश्वविद्यालय के छात्रों ने बताया कि सोमवार रात के खाने में आलू गोभी की सब्जी, चावल, रोटी और दाल बनी थी। रोजाना की तरह सभी ने खाना खाया। रात करीब 11 बजे एक के बाद एक सभी छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। छात्राओं का कहना है कि आलू की सब्जी खाने से ही बीमार हुई हैं।

नाराज छात्राएं पहुंची मैस, वीडियो भी बनाया

रात में आक्रोशित छात्राएं मैस के किचन में पहुंच गईं। यहां चारों ओर गंदगी पड़ी थी। इसका वीडियो भी बनाया। मंगलवार सुबह यह वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि टाइल्स गंदी पड़ी हैं। एक जगह खाने की सामग्री खुले में पड़ी है। फर्श गंदा पड़ा है। टेबल पर भी गंदगी है।
वीडियो में एक महिला कहती सुनाई दे रही है कि रोज सुबह आकर पानी फेंकते हैं। इसके बाद एक छात्रा कहती है कि यहां कितनी हाइजीन है, आप देख सकते हैं।

छात्राओं ने बताया कि इसके पहले भी मैस में बने खाने को लेकर नाराजगी जताई थी। मैस के खाने में कीड़े भी मिले हैं।
दो से तीन छात्राएं छत्तीसगढ़ रेफर
नाम न छापने के शर्त पर अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि करीब 100 छात्रों को कैंपस में स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 2 से 3 छात्राओं को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। अब उन्हें किन वजह से रेफर किया गया, इसकी जानकारी नहीं हैं।

वार्डन बोलीं- पीआरओ से बात करो
गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन वासु चौधरी ने बताया कि मैं इस बारे में कुछ भी नहीं बताऊंगी। आप पीआरओ से बात कर लीजिए।

छात्राओं का इलाज कर रहे डॉ. शिवंक त्रिपाठी ने बताया कि पीआरओ को बता दिया है, उन्हीं से बात करें।
जनसंपर्क अधिकारी रजनीश त्रिपाठी के अनुसार रात मेस में खाने के बाद छात्राओं की तबियत खराब होने के कारण उन्हें परिसर में स्थित क्लीनिक में भर्ती किया गया था जहां सभी का स्वास्थ्य सही है किसी भी छात्र को रिफर नहीं किया गया है मामले की जांच कमेटी बनाकर की जाएगी

Leave a Comment