मथुरा से उज्जैन जा रहे तीर्थ यात्रियों से भरा पिकअप वाहन पलटा, 20 से अधिक लोग घायल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

घायलों को कोलारस के स्वास्थ्य केेंद्र में किया गया भर्ती, कुछ गंभीर शिवपुरी जिला अस्पताल रैफर

– पुलिस ने मामले की जांच शुरू की

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के फोरलेन हाईवे पर खालसा होटल के नजदीक आज सुबह एक तीर्थ यात्रियों से भरा पिकअप वाहन पलट जाने से उसमें सवार 20 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मैक्स पिकअप वाहन में करीब 40 तीर्थ यात्री सवार थे जो मथुरा से उज्जैन जय गुरुदेव आश्रम पर होने वाले वार्षिक भंडारे में दर्शन लाभ के लिए जा रहे थे। तभी कोलारस थाना क्षेत्र के फोरलेन हाईवे पर खालसा होटल के नजदीक यह पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को कोलारस के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इसके बाद यहां से कुछ गंभीर रूप से घायलों को शिवपुरी जिला अस्पताल में रैफर किया गया है।
इस हादसे की सूचना मिलते ही कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कोलारस स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। इस पिकअप वाहन दुर्घटना में घायल हुए तीर्थ यात्री ओमप्रकाश ने बताया कि वह मथुरा से उज्जैन आश्रम पर होने वाले वार्षिक भंडारे में जा रहे थे। तभी तेज गति से उनका मैक्स पिकअप वाहन हाईवे पर पलट गया जिसमें करीब 40 लोग सवार थे इन तीर्थ यात्रियों में 20 के करीब महिलाएं हैं और बच्चे शामिल हैं। दूसरी तीर्थ यात्री पुष्पा ने बताया कि वह मथुरा से उज्जैन वार्षिक भंडारे के लिए जा रहे थे।अचानक वाहन पलटा और हमें पता ही नहीं चला कि क्या हुआ। इस दुर्घटना के बाद अब पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

  • Marketing Hack4u