पटवारियों के आंदोलन ने पकड़ा उग्र रूप: टेंट हटाए जाने पर भड़का आक्रोश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कलेक्टर कार्यालय घेराव की चेतावनी

अनूपपुर। जिले में 12 फरवरी 2026 से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल मंगलवार को नए मोड़ पर पहुंच गई। कोतमा, अनूपपुर, जैतहरी और पुष्पराजगढ़ तहसीलों के पटवारियों द्वारा 10 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच जिला प्रशासन द्वारा धरना स्थल पर लगाया गया टेंट हटाए जाने से विवाद और गहरा गया है।

पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष चेतन सिंह मरावी ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, बल्कि आंदोलन को दबाने के उद्देश्य से टेंट उखाड़ दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बुधवार को जिले के समस्त पटवारी तथा प्रदेश भर से पदाधिकारी अनूपपुर पहुंचकर जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे और व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

संघ पहले ही सशर्त सामूहिक इस्तीफा सौंप चुका है। आवेदन में कहा गया है कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जाति प्रमाण पत्र, गिरदावरी सहित अनेक राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवारियों का आरोप है कि व्यक्तिगत नोटिस और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी देकर दबाव बनाया जा रहा है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि सम्मानजनक समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।