नवोदय विद्यालय में छात्रों के बीच रैगिंग को लेकर विवाद , जमकर हुई मारपीट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

7 विद्यार्थी घायल , दो को राजेंद्रग्राम अस्पताल रेफर 

अमरकण्टक। श्रवण कुमार उपाध्याय। नगरी अमरकंटक स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में शुक्रवार 25 सितंबर को छात्रों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया । दोपहर करीब 1.30 से 02 बजे के बीच कक्षा 9वीं , 10वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के बीच अचानक विवाद शुरू हुआ जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया । घटना में करीब 07 विद्यार्थियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है , जबकि दो विद्यार्थियों को गंभीर चोटों के चलते राजेंद्रग्राम अस्पताल रेफर किया गया ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मारपीट के दौरान लाठी-डंडे के अलावा विद्यालय में इस्तेमाल होने वाले डेस्क के रॉड से भी हमला किए जाने की बात सामने आई है । घटना के बाद घायल विद्यार्थियों को उपचार के लिए स्टॉफ द्वारा अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में जुटे परिजन , विद्यालय में हुई बैठक

घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल विद्यार्थियों के परिजन अस्पताल पहुंचे । इस दौरान अस्पताल परिसर में भी विवाद की स्थिति बनने की जानकारी सामने आई । इसके बाद विद्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई , जिसमें विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की बात सुनी गई ।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है ।

छात्रों ने लगाए रैगिंग जैसे व्यवहार के आरोप

वहीं कुछ विद्यार्थियों की ओर से रैगिंग जैसे व्यवहार के आरोप भी सामने आए हैं । छात्रों के अनुसार कक्षा 11वीं के कुछ विद्यार्थी कथित तौर पर कक्षा 10वीं के छात्रों से विवाद करते थे । छात्रों का यह भी कहना है कि कुछ दिन पहले विवाद के दौरान उन्हें 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों से पिटवाने और खुद मारपीट करने की बात कही गई थी ।

हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है । पूरे मामले की वास्तविक स्थिति विद्यालय प्रबंधन की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी ।

विद्यालय की प्राचार्या अर्चना सिंह पायक ने बताया कि सभी मामले की जांच की जा रही है इसके बाद दोषियों पर कार्यवाही अवश्य की जावेगी ।

फिलहाल घटना ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं । अब जांच के बाद सामने आने वाली रिपोर्ट और विद्यालय प्रबंधन की कार्रवाई पर सभी की नजर है ।