शुरुआती बारिश में ही तालाब बना घोरमारा गांव, घुटनों तक भरे पानी के बीच दहशत में जीने को मजबूर ग्रामीण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

घुलघुली /उमरिया। देवलाल सिंह। जिला मुख्यालय के समीप जनपद पंचायत करकेली के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत जरहा का टोला घोरमारा पहली ही मानसूनी फुहारों में पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। अभी सीजन की भारी बारिश शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन गांव के मुख्य रास्तों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे पूरा गांव गहरे खौफ के साए में जीने को मजबूर है।
*उप यंत्री और सरपंच के वादे निकले झूठे, गर्मी बीत गई पर नहीं बनी सड़क।

स्थानीय ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि उप यंत्री (सब इंजीनियर) सुनील सिंह परिहार एवं सरपंच अरुण कोल ने आश्वासन दिया था कि इस मुख्य मार्ग की सड़क स्वीकृत हो चुकी है और गर्मी के मौसम में इसका निर्माण कार्य पूरा करवा दिया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इस बार उन्हें कीचड़ और जलभराव से मुक्ति मिल जाएगी, लेकिन पूरी गर्मी बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका। अब मानसून की बारिश चालू हो गई है, जिससे जिम्मेदार
*अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के दावों की पोल खुल गई है।*

*कच्चे मकानों पर मंडराया खतरा, कलेक्टर को सौंपा आवेदन*

खेतों और ऊपरी पहाड़ी इलाकों से बहकर आने वाले पानी की निकासी का कोई स्थाई रास्ता न होने के कारण गांव की सड़क किसी बड़े तालाब जैसी नजर आने लगी है। पानी का भराव लगातार बढ़ने से रास्ते के किनारे बने दर्जनों कच्चे मकानों की नींव कमजोर हो रही है, जिससे उनके ढहने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। इस विकराल समस्या को लेकर चिंतामणि सिंह, पुरुषोत्तम सिंह,अंजू सिंह, राजेंद्र सिंह, तीरथ सिंह, चंद्रकली, पुरुषोत्तम बैगा, कारेलाल बैगा, शम्भू लाल बैगा, नत्थू बैगा, चैता बैगा, नानबाई बैगा और जमुना प्रसाद, सीमा सिंह, प्रेम सिंह, शंभू सिंह ,काशी सिंह, अनिल सिंह, लल्ला सिंह ,गुड्डी बाई ,ज्योति सिंह,सुग्रीव सिंह ,सुकून बाई, रामलाल सिंह, बाबूलाल सिंह, मानसिंह , राधेलाल पुरुषोत्तम कोल ,मनोज कोल, चंद्रभान बैगा ,शिवचरण बैगा,दाल प्रसाद बैगा,रवि कुमार कोल, कोमल कोल, दयाराम सिंह, सहित समस्त ग्रामवासियों ने कलेक्टर महोदया, लिखित आवेदन सोनकर त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाए और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी ।।