क्लच वायर बिछाकर जंगली सूअर का शिकार, चार आरोपी गिरफ्तार
डॉग स्क्वॉड की मदद से वन विभाग ने आरोपियों को दबोचा
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई

अनूपपुर। जंगल में वन्यजीवों के अवैध शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां पर क्लच वायर फैलाकर जंगली सूअर का शिकार करने के आरोप में वन विभाग की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालयीन रिमांड के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।
मामले के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अनूपपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम ताराडांड के कनेरी गढ़ के पास आरोपियों द्वारा जंगली सूअर के शिकार के लिए वायर फैलाया गया था जिसमें जंगली सुअर फंस गए। उसके पश्चात उक्त सूअर के मांस को पड़ोसियों को बांट दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली। मौके पर प्राप्त साक्ष्य, क्लच वायर, 25 नग फंदे और जंगली सूअर के मांस के प्रमाण के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की गई है।
वन विभाग की जांच और कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके माध्यम से संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई, जिसके बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिनमें मुख्य रूप से नैहर शाह उराँव, संतोष टिग्गा, गणेश एक्का, नरेश एक्का उराव टोला ताराडाड़ को वन विभाग अनूपपुर द्वारा तैयार न्यायालयीन रिमांड आवेदन में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई का उल्लेख किया गया है।
इस पूरी कार्यवाही में मुख्य रूप से विजय कुमार सोनवानी परिक्षेत्र सहायक अनुपपुर, अभय द्विवेदी बीटगार्ड अनूपपुर, हरिनारायण पटेल वन रक्षक, रामेश्वर पटेल वन रक्षक, नर्वदा प्रताप पटेल वनरक्षक, राजीव कुमार पटेल वनरक्षक एवं सुरक्षा श्रमिक सम्मिलित रहे।









