झूठे वादे करती है सरकार आगे भुगतना पड़ेगा अंजाम – जिलाध्यक्ष
जैतहरी ब्लॉक की बैठक में बनाई गई आगामी रणनीति
नियमितीकरण और भविष्य सुरक्षित करने की मांग

जैतहरी। वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों का असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। जैतहरी ब्लॉक में रविवार को आयोजित ब्लॉक स्तरीय बैठक में अतिथि शिक्षकों ने सरकार की नीतियों और अब तक किए गए वादों को लेकर जमकर नाराजगी जताई। शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उनके भविष्य को लेकर कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
बैठक में अतिथि शिक्षकों ने कहा कि चुनाव और विभिन्न अवसरों पर उनके हितों को लेकर किए गए आश्वासनों से उन्हें उम्मीद जगी थी, लेकिन आज भी वे अस्थिरता के दौर से गुजर रहे हैं। शिक्षकों ने इसे वादा खिलाफी बताते हुए कहा कि वर्षों की सेवा के बाद भी उन्हें अपने रोजगार और भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में हुंकार भरते हुए अतिथि शिक्षकों ने अपनी आगामी रणनीति बताई जिला अध्यक्ष मनलाल साहू ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार झूठे वादे करती है और लगातार अतिथि शिक्षकों की उपेक्षा कर रही है आने वाले समय और चुनाव में सरकार को इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।
भविष्य सुरक्षित करने की मांग हुई तेज
अतिथि शिक्षकों ने कहा कि वे केवल तत्काल मानदेय वृद्धि या अस्थायी राहत नहीं, बल्कि अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था चाहते हैं। उनका कहना है कि लगातार सेवाएं देने वाले शिक्षकों के अनुभव और योगदान को ध्यान में रखते हुए सरकार को उनके भविष्य के लिए स्पष्ट नीति बनानी चाहिए। अतिथि शिक्षकों ने कहा कि सरकार बीते 15 वर्षों से हमारे साथ छलावा कर रही है और अभी भी सिर्फ हमें धोखा ही मिल रहा है लेकिन अब अतिथि शिक्षक जाग चुका है और अपनी जायज मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने को तैयार है। वही कार्यक्रम में जिला कार्यकारी अध्यक्ष रामनरेश राठौर ने अतिथि शिक्षकों को सीधे शब्दों में संदेश दिया कि यदि अपने भविष्य को सुरक्षित करना है तो एकजुट होकर आंदोलन में शामिल हुई है अन्यथा सरकार ऐसे ही गुमराह करती रहेगी।
2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अतिथि शिक्षकों की मांगों और समस्याओं से शासन को अवगत कराया जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से अतिथि शिक्षक अपने भविष्य की सुरक्षा, स्थायित्व और लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण की मांग रखेंगे। अतिथि शिक्षकों का कहना है कि वे वर्षों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में सरकार को उनके भविष्य को लेकर स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए। अतिथि शिक्षक नियमित शिक्षकों की भांति विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन आज तक उनका भविष्य सुरक्षित नहीं हुआ।
बैठक में बड़ी संख्या में शामिल हुए अतिथि शिक्षक

अनूपपुर जिले के जैतहरी ब्लॉक में वेंकट नगर में आयोजित हुई बैठक में काफी संख्या में अतिथि शिक्षक शामिल हुए इस पूरे बैठक में महिला शिक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर यह संदेश दे दिया है कि वह आगामी सभी रणनीतियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। वही इस बैठक में जिला अध्यक्ष मनलाल साहू, कार्यकारी अध्यक्ष रामनरेश राठौर, जिला मीडिया प्रभारी व सचिव धनपत पटेल, जैतहरी ब्लॉक अध्यक्ष रवि सोनी, परीक्षित सिंह राजेश पटेल, रमाशंकर प्रजापति, संतोष पटेल, प्रीति सोनी, पूनम शुक्ला, राधा नापित, महिमा पूरी, संध्या ओझा, रामनरेश शर्मा, चंद्रशेखर राठौर, रचना सिंह, नविता भट्ट, गणेश प्रसाद यादव, बेबी राठौर, करुणा पाण्डेय, भगत पटेल, जागेश्वर मिश्रा, हेमंत कुमार, तनखू सिंह समेत काफी संख्या में अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे। और ब्लॉक वह संकुल स्तर पर टीम का गठन कर अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई। यह पदाधिकारी आगे चलकर बनाए गए नीतियों के अनुसार अपने-अपने संकुल व ब्लॉक स्तर पर काम करेंगे।








