व्हाट्सऐप चैट वायरल: नौकरी को लेकर कथित धमकी और अभद्र भाषा के आरोप, कर्मचारियों में नाराजगी

रामपुर। सोशल मीडिया पर एक कथित व्हाट्सऐप ग्रुप की चैट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें जय अंबे इंडस्ट्रीज एम्पलाई ग्रुप रामपुर के नाम से बने समूह में नौकरी को लेकर बातचीत दिखाई दे रही है। वायरल चैट में कुछ सदस्यों द्वारा यह दावा किया गया है कि एचआर ओर राजेश नामक व्यक्ति की ओर से कहा गया कि “जिसको नौकरी करना है करें ” और जो भी नेतागिरी करेगा उसे बाहर कर दिया जाएगा। चैट में अभद्र भाषा का भी प्रयोग दिखाई देता है, जिससे कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं में नाराजगी देखी जा रही है।
वायरल स्क्रीनशॉट में कुछ सदस्यों ने एचआर और राजेश सहित अन्य अधिकारियों का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और यह स्पष्ट नहीं है कि चैट वास्तविक है या नहीं तथा इसमें कही गई बातें किस संदर्भ में कही गई थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वायरल चैट सही है तो संबंधित कंपनी प्रबंधन को मामले की निष्पक्ष जांच कर कर्मचारियों और युवाओं के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए। उनका कहना है कि रोजगार से जुड़े मामलों में सम्मानजनक व्यवहार और पारदर्शिता आवश्यक है।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन या संबंधित अधिकारियों की ओर से इस वायरल चैट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। समाचार प्रकाशित होने तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी थी। यदि कंपनी या संबंधित अधिकारी अपना पक्ष जारी करते हैं, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।






