– शहर में 2555 लोकेशन में से 1836 लोकेशन पर जमीन की कीमत कई गुना बढ़ाने की तैयारी
– कलेक्टर गाईड से भूमि दरों में हुई असामान्य वृद्धि को लेकर भू-कारोबारियों ने जताई आपत्ति
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। वर्ष 2026-27 के लिए कलेक्टर गाईड लाईन की दरों में असामान्य वृद्धि होने से भू-कारोबोरियों ने जिला पंजीयक विभाग को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से इन बढ़ी हुई वृद्धि दरों पर तत्काल विचार करते हुए रोक लगाने की मांग की है।
भूमि के क्रय-विक्रय कारोबार करने वाले कारोबारी सिंकी सांखला, मोनू भगवती अग्रवाल, प्रकाश सोनी, शैलेंद्र पहारिया, गणेश गोयल, शिवम पहारिया, दिलीप जैन, धर्मेंद्र शर्मा, ललित गोयल आदि ने जिला पंजीयक विभाग को सौंपे ज्ञापन पत्र में उल्लेख किया है कि, भूमि संबंधी गाईड लाईन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले की भूमि दरों में एकाएक अत्याधिक एवं असंगत वृद्धि की गई है, जिसमें शहर की कुल 2555 लोकेशन में से 1836 लोकेशन की दरें असामान्य रूप से बढ़ाई गई हैं। इनमें 87.16 प्रतिशत लोकेशन में दर वृद्धि काफी अधिक है। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों की 21 लोकेशन में 50 से 100 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। संध्या ग्रीन कालोनी जैसे क्षेत्र में भूमि दर 114 प्रतिशत तक बढ़ाई गई है। यहां भूमि दर 5500 प्रति वर्ग मीटर से बढ़ाकर वर्तमान वर्ष 2026-27 के लिए 15 हजार रूपये प्रति वर्ग मीटर की गई है, जो सामान्य से कहीं अधिक है। इन हालातों को लेकर भू-कारोबार से जुड़े कारोबारियों ने जिला पंजीयक से मांग की है कि, जिले में वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित नई गाईडलाईन को लेकर पुन: विचार किया जाए और वर्तमान परिस्थितियों में संपत्ति क्रय-विक्रय की स्थिति को लेकर न्याय संगत नीति बनाई जाए। भू-कारोबारियों का कहना है कि, एकाएक 50 से लेकर 100 और उससे कहीं अधिक की भूमि दर वृद्धि बढ़ाया जाना जनहित में न्यायोचित नहीं होगा, इसके लिए आमजन पर अत्यधिक कलेक्टर दर बढने से अनावश्यक बोझ व आर्थिक क्षति का नुकसान भी उठाना पड़ेगा, क्योंकि भूमि दर बढने से आम नागरिकों को रजिस्ट्री शुल्क, स्टाम्प शुल्क एवं अन्य करों के रूप में अतिरिक्त आर्थिक भार सहन करना पड़ेगा। ऐसे में भूमि एवं मकान खरीदना सामान्य व्यक्ति के लिए अत्यन्त कठिन हो जाएगा।








