भारतीय मुद्रा के अपमान का मामला: विज्ञापन के लिए 500 के नोट पर स्कूल का प्रचार, शिकायत दर्ज
अनूपपुर। जिले में भारतीय मुद्रा के अपमान और उसके व्यावसायिक दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। नगर के एक प्रतिष्ठित विद्यालय, ‘लिटिल स्टेप स्कूल’ पर आरोप लगा है कि उसने अपने प्रचार-प्रसार के लिए भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी 500 रुपये के नोटों का उपयोग किया है। इस कृत्य को लेकर कोतवाली पुलिस को एक औपचारिक शिकायत सौंपी गई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, लिटिल स्टेप स्कूल प्रबंधन द्वारा विद्यालय के प्रचार हेतु 500 रुपये के नोट की फोटोकॉपी करके (सीरियल नंबर 6DE868995) पर विद्यालय का नाम और पता छापकर उन्हें विज्ञापन के तौर पर वितरित किया जा रहा है। इन नोटों पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर अंकित है, जिसके ऊपर विज्ञापन की छपाई करना सीधे तौर पर राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान माना जा रहा है।
कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन
शिकायत पत्र में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं का हवाला देते हुए बताया गया है कि धारा 180 भारतीय मुद्रा के कूटकरण या उससे छेड़छाड़ से संबंधित है।जिसमें सजा का प्रावधान है वही धारा 191 यह सरकारी मुद्रा के दुरुपयोग और उसके अपमान से संबंधित है।
साथ ही, भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार, मुद्रा नोटों पर कुछ भी लिखना या उन्हें विरूपित करना कानूनी रूप से वर्जित है। निजी विज्ञापनों के लिए राष्ट्रीय मुद्रा का उपयोग करना न केवल एक वैधानिक अपराध है, बल्कि यह देश की संप्रभुता के प्रति अनादर को भी दर्शाता है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी ने शिकायत को संज्ञान में लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा इस प्रकरण की निष्पक्षता से जांच के आदेश दे दिए गए हैं। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि जांच में तथ्य सही पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज की जाएगी।
वही शिकायतकर्ता द्वारा साक्ष्य के तौर पर विज्ञापन में उपयोग किए जा रहे 500 के नोट की प्रति भी पुलिस को संलग्न की गई है।








