जब रक्षक ही खर्राटे भरे, तो जनता बजाएगी घंटा!

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

जब रक्षक ही खर्राटे भरे, तो जनता बजाएगी घंटा! भालूमाड़ा की सड़कों पर गूंजी बदलाव की हुंकार
भालूमाड़ा में खाकी की ‘गहरी नींद’ पर युवा कांग्रेस का हल्लाबोल; शराब, सट्टा और तस्करी के खिलाफ गरजा आक्रोश
अनूपपुर भालूमाड़ा। जब कानून के रखवाले अपनी जिम्मेदारियों को भूलकर सो जाएं और क्षेत्र में अपराध का साम्राज्य पैर पसारने लगे तो जनता को नींद से जगाने के लिए शंखनाद करना ही पड़ता है। कुछ ऐसा ही तीखा दृश्य भालूमाड़ा थाने के समक्ष देखने को मिला, जहाँ क्षेत्र में बेकाबू होती आपराधिक गतिविधियों नशे के बढ़ते कारोबार और बेलगाम तस्करी के विरोध में युवाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ हुंकार भरी बल्कि थाना प्रभारी को नींद से जगाने के लिए घंटा बजाओ थाना प्रभारी जगाओ जैसा अनोखा और मारक आंदोलन खड़ा कर दिया।
थाने के मुहाने पर गूंजती घंटों की आवाज केवल एक प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं थी बल्कि यह पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर सीधा करारा प्रहार थी। मानवेंद्र मिश्रा ने हाथों में घंटा लेकर पुलिस के सुस्त रवैये की पोल खोली और स्पष्ट किया कि जब खाकी अपनी प्राथमिकताएं भूल जाती है, तब युवाओं को अपने भविष्य और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए मैदान में उतरना पड़ता है। इस तीखे प्रदर्शन ने पुलिस महकमे के भीतर हड़कंप मचा दिया और यह साफ संदेश दिया कि अब अपराध के प्रति खाकी की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि भालूमाड़ा क्षेत्र में पिछले काफी समय से पशु तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब का कारोबार, मेडिकल नशा और चोरी जैसी वारदातें चरम पर पहुँच चुकी हैं। इन अवैध गतिविधियों के मकड़जाल में क्षेत्र का युवा वर्ग तेजी से फंसकर अपना भविष्य बर्बाद कर रहा है। स्थिति यह हो चुकी है कि कानून-व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ रही हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसी बिगड़ती कानून-व्यवस्था और युवाओं को अपराध की गर्त में धकेले जाने के खिलाफ यह आंदोलन एक ढाल बनकर उभरा है।
उग्र प्रदर्शन के उपरांत युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी कोतमा के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि थाना क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त तुरंत बढ़ाई जाए, संवेदनशील और संदिग्ध क्षेत्रों में निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए और अवैध कारोबार में संलिप्त माफियाओं व अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए मांग रखी गई कि अपराधों की सूचना देने वाले मुखबिरों व सजग नागरिकों की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाए ताकि वे बिना किसी डर के पुलिस का सहयोग कर सकें।
आंदोलन को संबोधित करते हुए जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने कहा यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष या अधिकारी के खिलाफ व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है बल्कि यह भालूमाड़ा की सुरक्षा हमारे युवाओं के सुरक्षित भविष्य और जनहित की रक्षा के लिए उठाई गई एक निडर आवाज है। अगर पुलिस प्रशासन अब भी नहीं जागा और अपराधियों पर नकेल नहीं कसी, तो यह घंटा सिर्फ थाने के बाहर ही नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था को हिलाने के लिए लगातार बजता रहेगा।”