शिवपुरी शहर की सड़कों पर गड्ढों का राज, पैच रिपेयरिंग गायब

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

लाखों का बजट आया पर सड़कें नहीं सुधरीं, सवालों में नगर पालिका

बारिश में उखड़ी सड़कें, वाहन चालक गिर रहे रोज

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शहर की सड़कों पर इस समय गड्ढों का राज है। पैच रिपेयरिंग के लिए नगर पालिका को सालाना लाखों रुपए का बजट मिलता है, लेकिन सड़कों की हालत जस की तस है। बजट कहां खर्च हो रहा है, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बारिश के कारण शहर की मुख्य सड़कें उखड़ गई हैं। आर्य समाज रोड , प्रगति बाजार, निचला बाजार, हलवाई खाना, सुभाष कॉलोनी रोड, न्यू ब्लॉक, धर्मशाला रोड, गांधी चौक, नवाब साहब रोड, राजेश्वरी रोड, पुरानी शिवपुरी, नीलगढ़ चौराहा, पुरानी बस स्टैंड के पास और फिजिकल रोड जैसी जगहों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। इन गड्ढों को भरने के लिए नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन चालक आए दिन गिर रहे हैं। दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। व्यापारी वर्ग ने भी बाजार क्षेत्र की सड़कों की बदहाली पर नाराजगी जताई है।

नगर पालिका सूत्रों के अनुसार हर साल सड़कों के रखरखाव और पैच वर्क के लिए बजट आता है, लेकिन धरातल पर काम दिखाई नहीं दे रहा। लोगों का आरोप है कि पैसा कागजों में ही खर्च हो रहा है।

नागरिकों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि बारिश के इस दौर में गड्ढे भरे जाएं और नियमित पैच रिपेयरिंग कराई जाए ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।