ट्रक में घुसी कार, परिवार के 4 लोगों की मौत:CPR देते ही युवती की सांसें लौटीं; इसे ही परीक्षा दिलाने चित्रकूट जा रहा था परिवार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

ट्रक में घुसी कार, परिवार के 4 लोगों की मौत:CPR देते ही युवती की सांसें लौटीं; इसे ही परीक्षा दिलाने चित्रकूट जा रहा था परिवार

मध्य प्रदेश के उमरिया में गुरुवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक मासूम बच्चा, 2 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।

हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के पास नेशनल हाईवे- 43 पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, यह परिवार अनूपपुर जिले का रहने वाला था। इसके छह लोग अर्टिगा कार (MP-18 ZE-9677) से चित्रकूट जा रहे थे। भरौला के पास सिद्ध बाबा क्षेत्र में कार अचानक बेकाबू हो गई और आगे जा रहे ट्रक में जा घुसी।

मृतकों में सरपंच, उनकी हेड कॉन्स्टेबल पत्नी भी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के अनुसार, हादसे में सरपंच कुलपत सिंह (37), इनकी हेड कॉन्स्टेबल पत्नी सविता सिंह मार्को (32), प्रियंका सिंह और रुद्र प्रताप (3) की मौत हो गई। सभी अनूपपुर जिले के लीला गांव के रहने वाले थे।

पुलिस के मुताबिक, कार में 22 वर्षीय युवती खुशबू मार्को भी थी। चित्रकूट में इसकी परीक्षा थी। परिवार उसे लेकर वहीं जा रहा था। बताया जा रहा है कि हादसे में खुशबू भी बुरी तरह घायल थी। उसकी सांसें थम चुकी थीं। इस बीच डॉक्टरों ने उसे सीपीआर दिया, जिससे उसकी सांसें लौट आईं। उसे जबलपुर रेफर किया गया है।

ड्राइवर सुरक्षित, लेकिन सदमे में

हादसे के समय कार चला रहा ददन सुरक्षित बच गया। हालांकि, वह सदमे में है। फिलहाल, बात करने की स्थिति में नहीं है। पुलिस अभी उससे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं ले सकी है।

कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, अंदर फंसा शख्स

हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। एक शख्स अंदर ही फंस गया था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद फंसे हुए शख्स को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया।