अनूपपुर। जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा तिवारीटोला के समीप स्थित तीखे मोड़ पर हुआ है जहां तेज रफ्तार TUV 300 कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर दूर खेत में जा घुसी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाल रंग की TUV 300 कार तेज गति से राजेंद्रग्राम क्षेत्र से गुजर रही थी। तिवारीटोला के पास स्थित खतरनाक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क छोड़कर सीधे खेत में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची है। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुष्पराजगढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया है। वर्तमान में दो घायलों का इलाज जारी है ।






