अनूपपुर। ग्राम हरीवासी में प्रदूषण के विरोध में ग्रामवासी लगातार अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि वे गांव में दोबारा गंदगी फैलने नहीं देंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में यहां कचरा डाले जाने से दुर्गंध, मच्छरों और मक्खियों की समस्या बढ़ गई थी, जिससे आसपास के घरों और पास स्थित कन्या छात्रावास की छात्राओं के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा था। कचरा स्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर बहने वाली नदी के प्रदूषित होने की आशंका भी जताई गई थी।
जब पुनः उसी स्थान पर कचरा डालने के लिए नगर पालिका की कचरा गाड़ी पहुंची, तो ग्रामवासियों ने विरोध दर्ज करते हुए गाड़ी को वहीं से वापस लौटा दिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा — “हमें दोबारा गांव में गंदगी नहीं चाहिए।”
ग्रामवासियों की मांग है कि कचरा प्रबंधन आबादी क्षेत्र से दूर और वैज्ञानिक तरीके से किया जाए, ताकि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।
फिलहाल प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार है, जबकि गांव में इस मुद्दे को लेकर जागरूकता और एकजुटता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।








