अमरकंटक में यादव समाज का कृष्ण जन्माष्टमी पर उमड़ा जनसैलाब

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

राधा-कृष्ण की भव्य झांकी के साथ निकली विशाल शोभायात्रा,भक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्य से कृष्णमय हुआ नगर

अमरकण्टक।  श्रवण कुमार उपाध्याय। अमरकंटक / मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक जो प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल है जहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा , भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया ।
इस अवसर पर यादव समाज द्वारा पहली बार पारंपरिक एवं भव्य स्वरूप में विशाल शोभायात्रा निकाली गई । राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी , ढोल-नगाड़ों , भक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्य के बीच निकली शोभायात्रा से अमरकंटक का वातावरण देर तक कृष्णमय बना रहा ।
यह शोभायात्रा दोपहर में फलाहारी आश्रम से निकल कर यात्रा नर्मदा मंदिर होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर स्थानीय बस स्टैंड पहुंची । शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के महिला-पुरुष , युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल रहे ।
भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष और भक्ति गीतों से नगर की आध्यात्मिक फिजा में विशेष उत्साह देखने को मिला ।

वृंदावन के कलाकारों ने बांधा समां

शोभायात्रा में वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की सजीव एवं मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही । सुसज्जित झांकी में राधा-कृष्ण स्वरूप कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य एवं भक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया । भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में कलाकारों की पारंपरिक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को ब्रजधाम की भक्ति , संस्कृति का साक्षात्कार कराया ।


ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ यादव समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए शोभायात्रा में आगे बढ़ते रहे । डीजे एवं भक्ति गीतों की धुन पर युवाओं और समाज के अन्य लोगों में भी खासा उत्साह नजर आया । जगह-जगह श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण की झांकी के दर्शन कर स्वागत किया ।
आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे समाजबंधु
शोभायात्रा में अनूपपुर , राजनगर , पुष्पराजगढ़ , अमरकंटक तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से यादव समाज के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे । पूरे आयोजन में सामाजिक एकजुटता , धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे की भावना दिखाई दी ।
कार्यक्रम में यादव समाज के पूर्व अध्यक्ष भूरा यादव , जिला अध्यक्ष मोहन यादव , ग्रामीण जिला अध्यक्ष शिवदयाल यादव , संरक्षक मंडल सदस्य चंद्रशेखर यादव , अश्विनी यादव , छोटे यादव , लक्ष्मण यादव , छोटेलाल यादव , शोभनाथ यादव , केशव यादव , विजय यादव , जनक यादव , नाथू यादव , कपूर यादव , कौशल यादव , शीतल यादव , गुलाब यादव , कुशल यादव , ईश्वर यादव , सुदामा यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी , जनप्रतिनिधि एवं यादव समाज के बंधु उपस्थित रहे ।

नगर परिषद सभा हाल में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम

शोभायात्रा के उपरांत नगर परिषद अमरकंटक के विशाल सभा हाल में सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म , उनके जीवन-दर्शन एवं धर्म , कर्म , नीति , प्रेम तथा लोककल्याण के संदेश पर प्रकाश डाला गया ।
वक्ताओं ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को सत्य , धर्म , कर्तव्य और निष्काम कर्म की प्रेरणा देता है । श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म और धर्म का जो संदेश दिया , वह आज भी मानव जीवन के लिए मार्गदर्शक है । जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व नहीं , बल्कि उनके आदर्शों एवं जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर भी है ।

शोभायात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता , भाईचारे औ सांस्कृतिक परंपराओं का भी संदेश दिया गया । देर शाम तक नगर में श्रीकृष्ण भक्ति के जयघोष गूंजते रहे और जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ ।