‘
‘हर हर महादेव “के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
घुलघुली/उमरिया। देवलाल। आज सावन मास के पावन अवसर पर क्षेत्र में भारी धार्मिक उत्साह देखने को मिला। मनेरी आश्रम कुंड से आज सुबह विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भव्य कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक यात्रा में सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त कांवड़िए पवित्र जल लेकर रवाना हुए।
हाथों में कांवड़ और बोल-बम के जयकारे
यात्रा की शुरुआत में ही भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी शिवभक्त पारंपरिक केसरिया और धार्मिक वस्त्रों में सजे-धजे नजर आए। हाथों में रंग-बिरंगी सजी हुई कांवड़ और गंगाजल की बोतलें लिए भक्तों ने आसमान की तरफ हाथ उठाकर पूरे जोश के साथ ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारे लगाए। मनेरी आश्रम के खुले और प्राकृतिक परिसर से शुरू हुई यह यात्रा पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बनी रही।
यह पूरी यात्रा मुख्य अतिथि ईश्वर दिन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति और नेतृत्व में अत्यंत शांतिपूर्ण और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। कांवड़ यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया।
कैलाशगुफा में हुआ जलाभिषेक और पूजन
विभिन्न मार्गों से होते हुए कांवड़ यात्रा अपने गंतव्य अमलेश्वर धाम कैलाशगुफा पहुँची। यहाँ पहुँचकर सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने कैलाशगुफा में विराजमान भगवान शंकर और माता पार्वती का विशेष पूजन-अर्चन किया। इसके बाद पवित्र जल से शिवलिंग का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की गई। जलाभिषेक के साथ ही इस वर्ष की कांवड़ यात्रा का विधिपूर्वक समापन हुआ।
प्रमुख जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय समिति और गणमान्य नागरिकों का विशेष योगदान का विशेष योगदान। यात्रा के दौरान मुख्य रूप से बबलू सिंह, विनोद सिंह ,प्रकाश गोसाई, बच्चू सिंह, पुष्पराज सिंह ,सोनू गुप्ता ,अजय गोसाई, मिथुन गोसाई, राहुल सिंह ,दुर्जन सिंह, अनि विश्वकर्मा ,और शशि गोसाई सहित भारी संख्या में शिव भक्त और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।।








