विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने श्रमिकों को दिलाया नशामुक्ति का संकल्प

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

घुलघुली/उमरिया। देवलाल सिंह।  विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित मंगल भवन परिसर में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सैकड़ों श्रमिक भाइयों को तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, राजयोग मेडिटेशन केंद्र, ब्रह्माकुमारी आश्रम (जिला न्यायालय के पीछे, शांति मार्ग) की केंद्र प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी लक्ष्मी दीदी एवं अन्य भाई-बहनों ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज के लिए घातक है। उन्होंने सभी को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान “एक दो, एक दो, बीड़ी-सिगरेट फेंक दो” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। व्यसन संबंधी चित्रों एवं प्रदर्शनी के माध्यम से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित श्रमिकों को नशामुक्त रहने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर मानव मूल्य, चरित्र निर्माण एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से श्रमिक भाइयों को आध्यात्मिकता से जोड़ने का प्रयास किया गया, ताकि उनका जीवन तनावमुक्त, क्रोधमुक्त एवं व्यसनमुक्त बन सके और वे सुखी एवं खुशहाल जीवन व्यतीत कर सकें।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रमिक भाई उपस्थित रहे। तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन केंद्र के मीडिया प्रभारी भ्राता एस. कुमार द्वारा किया गया।