संजय गांधी विद्युत केंद्र के अधिकारी पर रिश्वत मांगने का आरोप, अधिकारी ने बताया निराधार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

उमरिया।  जिले स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में बिल भुगतान के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले में संबंधित अधिकारी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
यह मामला ऑफिस क्लीनिंग सर्विस के भुगतान से जुड़ा हुआ है। ठेकेदार मकबूल खान ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि कार्य आदेश क्रमांक 511_0100/SGPTPS/P&W/ENIT_14/2022 के तहत ऑफिस क्लीनिंग का कार्य उन्होंने निर्धारित समयावधि में पूरा किया था।
ठेकेदार के अनुसार, यह कार्य 6 मार्च 2024 से 5 जून 2025 तक किया गया। कार्य पूर्ण होने के बाद लगभग 3 लाख 15 हजार रुपये का बिल लंबित रखा गया। आरोप है कि बिल भुगतान कराने के एवज में संबंधित अधिकारी द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। इसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की गई है।
वहीं इस मामले में अधीक्षण अभियंता (सर्विसेस) वीरेंद्र सिंह ने रिश्वत के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि ठेकेदार का बिल 3 से 4 दिन पहले ही भुगतान कर दिया गया है और रिश्वत मांगने जैसी कोई बात नहीं हुई।
अधिकारी ने कहा कि ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोप “दबाव की राजनीति” का हिस्सा हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि संबंधित ठेकेदार से जुड़े लिखित दस्तावेज विभाग के पास मौजूद हैं।