नमाज़ियों ने ईदगाह में अदा की ईद की नमाज़, अमन-खुशहाली की मांगी दुआ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

उमरिया/ घुलघुली।  देवलाल सिंह उमरिया जिला मुख्यालय स्थित ईदगाह में शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे ईदुल-फितर की नमाज़ अकीदत और खुशनुमा माहौल में अदा की गई। इस मौके पर मुख्यालय सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई नमाज़ में शरीक हुए। नमाज़ जामा मस्जिद के इमाम मौलाना साकिर अली हलीमी साहब की इमामत में अदा हुई, जहां उन्होंने मुल्क में अमन, शांति और तरक्की के लिए खास दुआ की।नमाज़ के बाद ईदगाह में मोहब्बत और भाईचारे का खूबसूरत नज़ारा देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर इस्लामिया गौसिया मस्जिद के सदर इनायत सिद्दीकी और जामा मस्जिद के सदर आज़ाद खान ने जिलेवासियों को ईद की बधाई दी।कार्यक्रम में हाजी इदरीश खान ,मेंहदी हसन, अहमद सिद्दीकी,शेख सलीम, शकील खान, आफताब खान, शाहिद खान, और शेख नफीस सहित कई लोगों ने ईद की शुभकामनाएं दीं और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन का आभार जताया। ईदगाह में पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने भी सभी को ईद की मुबारकबाद दी।इस दौरान एडिशनल एसपी सीताराम सत्या, एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी,थाना प्रभारी, सीएमओ किशन सिंह ठाकुर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं त्रिभुवन प्रताप सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों को बधाई दी।ईद की नमाज़ जिले के बिरसिंहपुर पाली, नौरोजाबाद, चंदिया, मानपुर और अमरपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी अदा की गई। शहर में दिनभर ईद की रौनक बनी रही,लोग एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद देते रहे और मीठी सेवइयों की मिठास ने रिश्तों को और करीब कर दिया।गौरतलब है कि ईदुल-फितर, रमज़ान के मुकम्मल होने और चांद नजर आने के बाद मनाया जाता है। 30 रोज़ों के बाद अदा की जाने वाली ईद की नमाज़ को तोहफे के रूप में माना जाता है। इस दिन नए कपड़े पहनना, गले मिलना और खुशियां बांटना इसकी खास पहचान है। साथ ही ज़कात और फ़ितरा के जरिए गरीबों का ख्याल रखना इस त्योहार की रूह है, ताकि हर कोई ईद की खुशी में बराबरी से शामिल हो सके।