जीतू पटवारी का बचाव करते नजर आए जयवर्धन, बोले- गुटबाजी से दूर रहने की सलाह दी है
–
– कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर पूछे गए सवाल को लेकर जयवर्धन ने दी प्रतिक्रिया
– शिवपुरी में सिंधिया समर्थक जसवंत जाटव को भाजपा जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर जयवर्धन ने साधा निशाना
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा पार्टी में गुटबाजी से दूर रहने की सलाह को लेकर दी गई प्रतिक्रिया पर उनका बचाव किया है। मंगलवार को शिवपुरी आए कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुटबाजी से दूर रहने की सलाह दी है उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम विपक्ष में गुटबाजी छोड़ेंगे तो आगे बढ़ेंगे।
शिवपुरी में पत्रकारों द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान को लेकर यह प्रश्न कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह पूछा गया था। जयवर्धन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के बारे में सीधी प्रतिक्रिया देने की बजाय भाजपा पर निशाना साध दिया। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि गुटबाजी हर पार्टी में है। भाजपा में तो हालत यह है कि 4 साल पहले किसी के साथ पैकेज के साथ आए पूर्व कांग्रेस नेता को जिला अध्यक्ष बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी में गुटबाजी का आलम जो है कि 4 साल पहले जो पार्टी में आए उन्हें जिलाध्यक्ष बना दिया गया। अब उनकी ही पार्टी के करैरा विधायक उनके स्वागत में नहीं पहुंचे इसके अलावा भाजपा और आरएसएस के लिए 30 साल से काम करने वाले लोग जो जिला अध्यक्ष की लाईन में थे उन पर पैकेज से आए लोग भारी पड़ गए। इससे भाजपा में कई गुट बन गए हैं।
महू रैली को लेकर बनाई रणनीति-
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह गुरुवार को शिवपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए आए थे। 27 जनवरी को बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू में होने वाले सम्मेलन को लेकर के यहां पर उन्होंने रणनीति बनाई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में 27 जनवरी की रैली में पहुंचने की अपील की। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सदस्य सदस्य अशोक सिंह, जिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय सिंह यादव, पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, कांग्रेस के पोहरी से विधायक कैलाश कुशवाह सहित अन्य कांग्रेस नेेता मौजूद रहे।
मैं धोखेबाज नहीं हूं- जयवर्धन सिंह
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह से जब पत्रकारों ने पूछा कि जिस तरह से सिंधिया ने कांग्रेस को छोड़ दिया है। अब आपके बारे में भी ऐसी अटकलें हैं कि आप भी सिंधिया की तरह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन करेंगे। इस पर प्रतिक्रिया अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि मैं धोखेबाज नहीं हूं। जहां भी हूं खुश हूं। हम अपनी विचारधारा पर अडिग हैं। हम जिन नेताओं के नेतृत्व में काम कर रहे हैं उनसे खुश हैं। उन्हें अपना नेता स्वीकार करते हैं। कुल मिलाकर जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस छोड़ने की अटकलों पर विराम लगा दिया।
भ्रष्ट अधिकारी जनता को लूटने में लगे हैं-
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने मध्य प्रदेश में भाजपा की नीतियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है वह करती नहीं है। भाजपा की नीतियां जन विरोधी हैं। पिछले दिनों ट्रांसपोर्ट अधिकारी के घर से 50 किलो सोना और 20 करोड़ से अधिक की नगदी मिली है। भ्रष्टाचार प्रदेश में जबरदस्त तरीके से हावी है। यहां पर नेताओं और अफसर का गठजोड़ भ्रष्टाचार कर रहा है और ट्रांसपोर्ट अधिकारी के घर से जो सोना और नगदी बरामद किया गया है वह बताता है कि किस तरह से भ्रष्ट अधिकारी जनता को लूटने में लगे हैं।






