अनूपपुर: बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
आदिवासी विकास विभाग अनूपपुर के तत्वावधान में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं की दिखी झलक


अनूपपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आदिवासी विकास विभाग अनूपपुर के तत्वावधान में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एकलव्य विद्यालय अनूपपुर के प्रांगण में स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जहां जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत, लोककला और परंपराओं को मंच पर जीवंत किया गया। इस दौरान कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर की छात्राओं ने आकर्षक एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया तथा खूब सराहना बटोरी।
आयोजन के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया गया। उनके विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जनजातीय गौरव एवं समाज की पहचान के प्रतीक स्वरूप सम्मान भी प्रदान किया गया। आयोजन ने न केवल भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करने का अवसर दिया, बल्कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान एवं जागरूकता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह, उपाध्यक्ष पर्वती राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, सिद्धार्थ शिव सिंह, रामदास पुरी, रंजीत शर्राटी, राजा तिवारी, रश्मि खरे समेत अन्य पदाधिकारी व जनजातीय कार्य विभाग के सैकड़ो कर्मचारी अधिकारी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अधिकारी समेत सैकड़ो छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर की दो दर्जन से अधिक छात्राएं सम्मिलित हुई रंगारंग इस कार्यक्रम की तैयारी के लिए विद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर प्रमिला पांडे के निर्देशन में सांस्कृतिक प्रभारी रितु सोनी, कविता राठोर, अधीक्षिका ललिता मार्को के मार्गदर्शन में छात्राओं ने नृत्य तैयार कर शानदार प्रस्तुति दी। वही कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर एवं उत्कृष्ट विद्यालय अनूपपुर, मॉडल स्कूल अनूपपुर की छात्राएं भी कार्यक्रम में सम्मिलित होकर शानदार प्रस्तुति दी।