अमरकंटक में परिक्रमावासी कड़ाके की ठंड पर खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर , पार्क बना आशियाना

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नर्मदा उद्गम स्थल में परिक्रमावासी , श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल

अमरकण्टक। श्रवण कुमार उपाध्याय। अमरकंटक – मां नर्मदा की पवित्र उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में इन दिनों नर्मदा परिक्रमा , पंचकोसी परिक्रमा एवं मैकल पर्वत परिक्रमा के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है । शास्त्रों और पुराणों में मां नर्मदा की परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है । यही कारण है कि कार्तिक पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाली परिक्रमा के लिए देवउठनी एकादशी से ही हजारों श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचने लगते हैं । लेकिन विडंबना यह है कि जिस पवित्र नगरी से श्रद्धालु अपनी आस्था और श्रद्धा के साथ परिक्रमा का संकल्प लेकर नर्मदा परिक्रमा यात्रा प्रारंभ करते हैं , उसी उद्गम स्थली में उन्हें रात्रि विश्राम और मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है ।

नवंबर माह की कड़ाके की ठंड में दूर-दराज से आए अनेक परिक्रमावासी खुले आसमान के नीचे पार्कों , सार्वजनिक स्थानों , नर्मदा के तटों किनारों और स्थानीय लोगों के घरों के बरामदों में बिस्तर लगाकर रात गुजारने को मजबूर हैं । कहीं खुले मैदान में उनका अस्थायी आशियाना बन रहा है तो कहीं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी उन्हें परेशान होना पड़ रहा है । ऐसे में श्रद्धालुओं की आस्था और परिक्रमा के प्रति उनका उत्साह तो दिखाई देता है , लेकिन उनके लिए की गई व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है ।

बताया जाता है कि परिक्रमावासियों की सुविधा और रात्रि विश्राम के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अमरकंटक में आश्रय स्थल एवं धर्मशालाओं का निर्माण खूब कराया गया है । बावजूद इसके परिक्रमवासियों , जरूरतमंद श्रद्धालुओं को इन सुविधाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है । आरोप है कि कुछ आश्रय स्थलों पर ताले लगे हुए हैं , जबकि कुछ धर्मशालाओं का संचालन निःशुल्क सेवा के बजाय व्यावसायिक गतिविधियों के रूप में किया जा रहा है । यदि परिक्रमावासियों के लिए बनाए गए आश्रय स्थलों का उपयोग ही जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए नहीं हो पा रहा है तो इनके निर्माण का उद्देश्य आखिर कैसे पूरा होगा?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि लगभग 3500 किलोमीटर की नर्मदा परिक्रमा करने वाले नर्मदा परिक्रमवासियों या श्रद्धालुओं के लिए मां नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक में ही निःशुल्क और व्यवस्थित रात्रि विश्राम की सुविधा पर्याप्त रूप से क्यों उपलब्ध नहीं है? क्या संबंधित प्रशासन को इन परिस्थितियों की जानकारी नहीं है?
सरकारी संसाधनों से निर्मित आश्रय स्थलों पर ताले लगे रहने और परिक्रमावासियों के खुले में रात बिताने की स्थिति में जिम्मेदारी किसकी तय होगी? ठंड के मौसम में खुले में सोने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यदि कोई चोरी , दुर्घटना अथवा स्वास्थ्य संबंधी अनहोनी हो जाती है तो इसकी जवाबदेही कौन लेगा?
नरसिंहपुर, गोटेगांव, गाडरवारा सहित आसपास के दूरस्थ क्षेत्रों से कई परिवार और श्रद्धालु पीढ़ियों से प्रतिवर्ष पंचकोसी परिक्रमा करने अमरकंटक आते रहे हैं । महिला और पुरुषों के इन पारंपरिक परिक्रमा दलों के लिए भी यहां पर्याप्त और सुलभ व्यवस्था नजर नहीं आती । श्रद्धालु धार्मिक भावना के साथ कई किलोमीटर की यात्रा कर उद्गम स्थल पहुंचते हैं, लेकिन रात्रि विश्राम के लिए उन्हें स्वयं इंतजाम करना पड़ता है । स्थानीय स्तर पर हर वर्ष यह समस्या सामने आती है, इसके बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल किसी को दिखाई नहीं पड़ रही है ।

धार्मिक पर्यटन और नर्मदा परिक्रमा के महत्व को देखते हुए अमरकंटक में श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता है । संबंधित प्रशासन को चाहिए कि सभी सरकारी आश्रय स्थलों और धर्मशालाओं की वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाए , बंद पड़े स्थलों को तत्काल खुलवाया जाए तथा उनका उपयोग परिक्रमावासियों के निःशुल्क रात्रि विश्राम के लिए सुनिश्चित किया जाए । साथ ही स्वच्छ पेयजल , शौचालय , स्नान और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम भी किए जाएं ।

मां नर्मदा की परिक्रमा करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अमरकंटक केवल यात्रा का प्रारंभिक पड़ाव नहीं बल्कि आस्था का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है । ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब परिक्रमावासियों के नाम पर व्यवस्थाएं और भवन तैयार किए गए हैं, तो फिर कड़ाके की ठंड में उन्हें खुले आसमान के नीचे रात गुजारने की नौबत क्यों आ रही है? अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब ध्यान देगी और श्रद्धालुओं को वास्तविक सुविधाएं कब मिल पाएगी ।