जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 पर कार्यशाला आयोजित

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय तुलसी महाविद्यालय, अनूपपुर में “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” विषय पर प्रेरणादायी कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल स्रोतों के पुनर्जीवन के प्रति विद्यार्थियों एवं समाज में जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती जल समस्या को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह जल संरक्षण का संकल्प ले। जल का सदुपयोग, वर्षा जल संचयन, तालाबों एवं कुओं का संरक्षण तथा भूजल स्तर बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। वक्ताओं ने “जल है तो कल है” के संदेश को जीवन का आधार बताते हुए सभी से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के दौरान जल संरक्षण हेतु निम्न महत्वपूर्ण उपायों पर विशेष जोर दिया गया—
1. वर्षा जल संचयन अपनाना
2. जल का अनावश्यक उपयोग रोकना
3. अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना
4. नदियों एवं तालाबों को स्वच्छ रखना
5. समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. जे. के. संत, डॉ. आकांक्षा राठौर, श्री ऋषिकेश चंद्रवंशी, डॉ. अजय जयसवाल तथा शासकीय महाविद्यालय पुष्पराजगढ़ से डॉ. धर्मेंद्र सतनामी, सहायक प्राध्यापक रसायन शास्त्र ने अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर महाविद्यालय के अन्य शैक्षणिक स्टाफ सहित लगभग 100 विद्यार्थियों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के संरक्षक महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सक्सेना रहे। अंत में सभी उपस्थितजनों ने जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने एवं अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।








