अनूपपुर: समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन 1 दिसंबर से होगा प्रारंभ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन 1 दिसंबर से होगा प्रारंभ, जिले में 15 उपार्जन केंद्र निर्धारित

किसानों से धान खरीदी 20 जनवरी 2027 तक होगी

अनूपपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की गई हैं। शासन द्वारा जारी उपार्जन नीति एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप जिले में कुल 15 धान उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से 1 दिसंबर 2026 से 20 जनवरी 2027 तक किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जाएगी।

भारत सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य कॉमन धान के लिए 2441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान के लिए 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों से FAQ गुणवत्ता के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप धान की खरीदी की जाएगी। धान उपार्जन का कार्य सप्ताह में पांच दिवस सोमवार से शुक्रवार तक प्रातः 8 बजे से शाम 8 बजे तक संचालित होगा।

किसानों की सुविधा के लिए उपज विक्रय हेतु स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था की गई है। किसान उपार्जन प्रारंभ होने के लगभग एक सप्ताह पूर्व ई-उपार्जन पोर्टल www.mpeuparjan.nic.in पर स्लॉट बुक कर सकेंगे। स्लॉट बुकिंग के दौरान किसानों को अपने बैंक खाते एवं मोबाइल नंबर की जानकारी अद्यतन रखनी होगी। स्लॉट की वैधता सात कार्य दिवस निर्धारित की गई है तथा उपज विक्रय के अंतिम 10 दिवस को छोड़कर स्लॉट बुकिंग की जा सकेगी।

उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक भौतिक एवं मानव संसाधन, बारदानों की उपलब्धता, तौल उपकरणों का सत्यापन, गुणवत्ता परीक्षण एवं भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं उपार्जन एजेंसियों को शासन की निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।