अनूपपुर: कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलडोंगरी का किया निरीक्षण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलडोंगरी का किया निरीक्षण

अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था की ली जानकारी, पौधारोपण एवं सुव्यवस्थित खेल मैदान की सराहना की

अनूपपुर । कलेक्टर रत्नाकर झा एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलडोंगरी का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को दी जा रही शिक्षा तथा विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से भी चर्चा कर क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का अवलोकन कर वहां किए गए पौधारोपण कार्यों को देखा। परिसर में आम, अमरूद, आंवला, जामुन, कटहल एवं मुनगा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने पौधों के रखरखाव एवं परिसर में हरित वातावरण विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।

इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के विस्तृत एवं सुव्यवस्थित खेल मैदान का भी अवलोकन किया। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए प्रयासों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सकारात्मक पहल बताया।

कलेक्टर श्री झा ने विद्यालय में उपलब्ध बेहतर व्यवस्थाओं, सुव्यवस्थित खेल मैदान एवं पौधारोपण कार्यों के लिए प्राचार्य श्री रामप्रसाद कनौजिया के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।