बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर हुआ जागरूकता शिविर, उपस्थित लोगों को दिलाई गई शपथ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बाल विवाह की सूचना 1098 पर दें, कराने और करने वाले दोनों पर होगी कार्रवाई

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता।बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ग्राम पंचायत सतनबाड़ा कलां में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार, प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में तथा जिला न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने तथा नशा न करने की शपथ दिलाई गई।

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय जागरूकता मॉड्यूल के क्रम में बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर यह शिविर आयोजित किया गया। इसके साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नालसा डॉन-नशा मुक्त भारत के लिए योजना 2025 के अंतर्गत मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा युवाओं, किशोरों, बच्चों और छात्रों में नशीले पदार्थों के सेवन व तस्करी को रोकने के उद्देश्य से जानकारी दी गई।

शिविर में असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिवपुरी के डिफेंस लॉयर नुपुर राठौर ने बाल विवाह अधिनियम की जानकारी दी और निशुल्क विधिक सहायता, नालसा आशा योजना तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताया। बाल संरक्षण अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा ने बताया कि बालिका की आयु 18 वर्ष और बालक की आयु 21 वर्ष पूर्ण होने पर ही विवाह करना चाहिए, इससे कम उम्र में विवाह कानूनन अपराध है और इससे मानसिक व शारीरिक विकास प्रभावित होता है, जिसका असर आने वाली संतान पर पड़ता है। इसके अलावा नालसा नशा पीड़ितों के लिए विधिक सेवा योजना तथा नशा रोकने के उपायों की जानकारी देते हुए बाल विवाह व नशे से दूर रहने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया ने की। शिविर में डिफेंस लॉयर नुपुर राठौर तथा बाल संरक्षण अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और विभिन्न योजनाओं व प्रावधानों की जानकारी दी।

उपस्थित नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं बाल विवाह कराया जाता है तो उसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें, क्योंकि बाल विवाह कराने वाले और करने वाले दोनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नशे से दूर रहने और बाल विवाह न करने का संकल्प निभाने का संदेश दिया गया।