अध्यक्ष आदित्य जायसवाल ने की मांग , अमरकंटक की सभी टैक्सियों में डस्टबिन रखना हो अनिवार्य
अमरकण्टक। श्रवण कुमार उपाध्याय। मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से टैक्सी यूनियन कल्याण समिति संपूर्ण भारत इकाई अमरकंटक द्वारा नवरात्रि के प्रथम दिवस को रामघाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया । यूनियन अध्यक्ष आदित्य जायसवाल के नेतृत्व में पदाधिकारियों , सदस्यों एवं सहयोगियों ने श्रमदान कर घाट की सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया ।
अभियान में जिला प्रचार मंत्री रानू सोनी , नगर कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेश गोस्वामी , नगर सलाहकार भूपेंद्र कुमार , नगर महामंत्री चरण सिंह, बंटी थापा , वरुण जैन , सोनू सोनवानी , संजय द्विवेदी , नंदलाल कुशवाहा , विकी बंजारा , राम मोहन गुप्ता , डॉ. अंकिता जायसवाल , आदर्श जायसवाल एवं दिनेश उपाध्याय सहित वरिष्ठ पत्रकार श्रवण उपाध्याय तथा अन्य सदस्य शामिल हुए । थाना अमरकंटक से आरक्षक कृष्णा राजावत और रवि पटेल सहित अन्य लोगों ने भी सहभागिता निभाई ।
सभी टैक्सियों में डस्टबिन रखने की मांग
स्वच्छता अभियान के दौरान अध्यक्ष आदित्य जायसवाल ने प्रशासन से मांग की कि अमरकंटक में संचालित सभी टैक्सी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया जाए । इससे पर्यटक और श्रद्धालु यात्रा के दौरान निकलने वाले कचरे को सड़कों एवं पर्यटन स्थलों पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डाल सकेंगे । उन्होंने कहा कि अमरकंटक की धार्मिक और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है ।
जनसेवा के कार्यों में भी सक्रिय यूनियन
टैक्सी यूनियन परिवहन सेवाओं के साथ स्वच्छता एवं जनहित के कार्यों में भी भागीदारी निभा रही है । मां नर्मदा की परिक्रमा पर आने वाले श्रद्धालुओं और परिक्रमावासियों को परिवहन सुविधा एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए भी यूनियन प्रयासरत है ।
अभियान के समापन पर अध्यक्ष आदित्य जायसवाल ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की ।







