दशहरा पर निकलेगी श्रीराम शोभायात्रा, चिंताहरण मंदिर से शुरू होकर क्षत्रिय भवन पहुंचेगी
– जिले में टॉप तीन विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार और मोमेंटो, बुजुर्गों का भी होगा सम्मान
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा जिला शिवपुरी द्वारा दशहरा पर्व के अवसर पर 20 अक्टूबर 2026 को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन, फोरलेन नोहरी पर किया जाएगा। समारोह में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
महासभा ने प्राइमरी, मिडिल, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी कक्षाओं के विद्यार्थियों को समारोह में शामिल किया है। जिले में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे। वहीं 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले अन्य विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा।
नकद पुरस्कार एवं मोमेंटो रघुवीर सिंह गौर (गुरुजी), शुभम पुंडीर, कुलदीप सिंह राजावत एवं लोकेन्द्र सिंह परमार के सौजन्य से दिए जाएंगे। अन्य प्रतिभागियों को उपहार अभिषेक रघुवंशी, अजय राजावत, राघवेन्द्र चौहान, अंकित राजावत एवं धीरेन्द्र सिंह वैस के सौजन्य से प्रदान किए जाएंगे।
दशहरा पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीराम शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा प्रातः चिंताहरण मंदिर से प्रारंभ होकर माधव चौक, कोर्ट रोड एवं अस्पताल चौराहा होते हुए अग्रसेन चौक पहुंचेगी। इसके पश्चात समाजबंधु वाहनों से निर्माणाधीन क्षत्रिय भवन पहुंचेंगे, जहां दोपहर 2 बजे से वृद्धजनों के सम्मान एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन होगा।







