अमरकंटक नवोदय के छात्राओं ने चिड़ियाघर भ्रमण से जाना प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का महत्व

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमरकण्टक।  श्रवण कुमार उपाध्याय। अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्राओं को पुस्तकीय ज्ञान के साथ प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विद्यालय द्वारा 02 अक्टूबर को कानन पेंडारी जूलॉजिकल गार्डन ( चिड़िया घर ) बिलासपुर (छत्तीसगढ़) का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया । इस भ्रमण में कक्षा 9वीं , 10वीं एवं 11वीं की कुल 107 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया ।

भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को प्राकृतिक वातावरण , जैव-विविधता , वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के महत्व से अवगत कराना था । कानन पेंडारी में छात्राओं ने विभिन्न वनस्पतियों , पशु-पक्षियों एवं प्राकृतिक संसाधनों का अवलोकन कर उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं । इस दौरान उन्हें पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया ।

छात्राओं ने प्रकृति के बीच रहकर पुस्तकों में पढ़ी गई बातों को प्रत्यक्ष रूप से समझा और जाना । भ्रमण के दौरान उनमें सहयोग , अनुशासन , समयपालन , जिम्मेदारी एवं समूह में कार्य करने की भावना का भी विकास हुआ । विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए छात्राओं ने अपने अनुभव एक-दूसरे के साथ साझा किए ।
छात्राओं की सुरक्षा एवं मार्गदर्शन के लिए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं पूरे समय साथ रहे । भ्रमण दल में शेख वहीद , श्रीमती अनीता कुमारी , सुश्री सुमन , सुश्री अंजलि एवं सुश्री शिल्पी शामिल थीं । सभी ने छात्राओं को आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए उनकी सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया ।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अर्चना पायक के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ । छात्राओं ने प्रकृति को निकट से समझते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी एहसास किया । विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसी शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन की बात कही है ।