अनूपपुर: न्याय यात्रा निकालकर अतिथि शिक्षकों ने किया प्रदर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

न्याय यात्रा निकालकर अतिथि शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
महापंचायत में किए वादों को पूरा करने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
जिलेभर से सैकड़ों अतिथि शिक्षक हुए शामिल, छह सूत्रीय मांगों को लेकर बुलंद की आवाज


अनूपपुर। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को अतिथि शिक्षक संघ अनूपपुर के बैनर तले जिलेभर के अतिथि शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर न्याय यात्रा निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट विद्यालय मैदान से शुरू हुई न्याय यात्रा में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों अतिथि शिक्षक शामिल हुए। हाथों में मांगों से जुड़े संदेश और नारों के साथ अतिथि शिक्षकों ने शासन से महापंचायत में किए गए वादों को पूरा करने की मांग उठाई।

उत्कृष्ट विद्यालय मैदान से कलेक्ट्रेट तक निकली यात्रा

न्याय यात्रा उत्कृष्ट विद्यालय मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। इस दौरान अतिथि शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान शासन द्वारा पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने तथा अतिथि शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद अतिथि शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष व प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अतिथि शिक्षकों की छह सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से शामिल किया गया। संघ का कहना है कि लंबे समय से अतिथि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनके भविष्य को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

महापंचायत के वादों को पूरा करने की मांग

अतिथि शिक्षकों ने कहा कि सरकार द्वारा महापंचायत के दौरान किए गए वादों से शिक्षकों में उम्मीद जगी थी, लेकिन अब उन वादों को धरातल पर लागू नहीं किया गया है। न्याय यात्रा के माध्यम से शासन को अपने वादे याद दिलाते हुए मांगों के शीघ्र निराकरण की आवाज उठाई गई।

एकजुटता के साथ आगे की रणनीति का संकेत

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षकों की मौजूदगी ने संगठन की एकजुटता को सामने रखा। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों के निराकरण के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। इस न्याय यात्रा में अतिथि शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मनलाल साहू के नेतृत्व में यात्रा निकाली गई जिसमें मुख्य रूप से उपाध्यक्ष विपिन तिवारी कार्यकारी अध्यक्ष रामनरेश राठौर, जिला सचिव धनपत पटेल, कोतमा ब्लॉक रावेंद्र उपाध्याय, जैतहरी ब्लॉक अध्यक्ष रविशंकर सोनी, पुष्पराजगढ़ ब्लाक अध्यक्ष जगदीश यादव समेत महिला मोर्चा और समस्त सक्रिय अतिथि शिक्षक शामिल हुए।