गांधी जयंती पर अतिथि शिक्षक निकालेंगे न्याय यात्रा
सरकार को याद दिलाएंगे वादे, जो अब तक नहीं हुए पूरे
अतिथि शिक्षक संघ अनूपपुर निकालेगा विशाल रैली, मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

अनूपपुर। गांधी जयंती के अवसर पर अतिथि शिक्षक संघ अनूपपुर द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर न्याय यात्रा एवं विशाल रैली निकालने की तैयारी की गई है। लंबे समय से नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा और भविष्य को लेकर अपनी मांगें उठाते आ रहे अतिथि शिक्षक इस यात्रा के माध्यम से सरकार को पूर्व में किए गए वादों की याद दिलाएंगे।
संघ पदाधिकारियों के अनुसार, अतिथि शिक्षकों ने वर्षों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में अपनी सेवाएं दी हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा और भविष्य को लेकर अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसी मुद्दे को लेकर गांधी जयंती पर अतिथि शिक्षक एकजुट होकर न्याय यात्रा निकालेंगे।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
न्याय यात्रा के दौरान अतिथि शिक्षक अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। संघ का कहना है कि सरकार द्वारा अतिथि शिक्षकों के हित में किए गए वादों को पूरा कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की जाएगी। लगातार हो रहे वादाखिलाफी को लेकर सरकार को किए गए वादा को याद दिलाएंगे और गांधीवादी तरीके से अपनी मांगों को पूरा करने की बात कहेंगे।
नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा की प्रमुख मांग
अतिथि शिक्षकों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, सेवा की सुरक्षा, सम्मानजनक भविष्य तथा वर्षों से दी जा रही सेवाओं का उचित लाभ शामिल है। संघ का कहना है कि अतिथि शिक्षक लगातार शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए उनके भविष्य को लेकर ठोस नीति बनाई जानी चाहिए।
गांधी जयंती पर एकजुटता का संदेश, शांतिपूर्वक निकालेंगे यात्रा
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित न्याय यात्रा को लेकर अतिथि शिक्षकों में उत्साह है। संघ ने अधिक से अधिक अतिथि शिक्षकों से रैली में शामिल होकर अपनी मांगों को मजबूती से रखने का आह्वान किया है। संघ का कहना है कि यात्रा का उद्देश्य शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक अपनी बात पहुंचाना है। यह कार्यक्रम उत्कृष्ट विद्यालय मैदान अनूपपुर से 11 बजे से शुरू होकर अमरकंटक मुख्य मार्ग होते हुए अंडरब्रिज मार्ग से कलेक्ट्रेट पहुंच कर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।







