पीजी कॉलेज में एनएसएस स्थापना दिवस पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

प्राचार्य ने छात्रों को सेवा योजना से जुड़ने के लिए किया प्रेरित

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पवन कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. एसएस खंडेलवाल एवं एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। अतिथियों का स्वागत भाषण प्रो. पल्लवी शर्मा गोयल द्वारा दिया गया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. पवन कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने के लिए प्रशंसा की और समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रो. एसएस खंडेलवाल ने एनएसएस के विशाल एवं विविध आयामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ ‘हम होंगे कामयाब’ गीत का गायन भी किया।

कार्यक्रम में विधि विभागाध्यक्ष प्रो. दिग्विजय सिंह सिकरवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई-2 के कार्यक्रम अधिकारी के रूप में नामित होने पर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. सिकरवार ने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ने और किताबी ज्ञान के साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों के महाविद्यालयों का समाज से सीधा जुड़ाव होता है, इसलिए एनएसएस के तहत डाटा ड्रिवन सोशल कार्यक्रम कैसे किए जा सकते हैं, इस पर भी विद्यार्थियों से सुझाव मांगे।

कार्यक्रम का संचालन एनएसएस के वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं राज्य स्तरीय एनएसएस विजेता प्रद्युम्न गोस्वामी ने किया। कार्यक्रम में एनएसएस के वरिष्ठ एवं नवीन स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।