बच्चों को प्यार और दुलार के साथ संवाद की आवश्यकता है – सरला वर्मा
– मूक-बधिर बच्चों को बांटी शिक्षा सामग्री, चित्रकला प्रतियोगिता का भी हुआ आयोजन
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता । शिवपुरी के फतेहपुर स्थित सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास में बुधवार को विश्व साइन लैंग्वेज डे मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक न्याय विभाग और डीडीआरसी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य श्रीमती सरला वर्मा, सदस्य रंजीत गुप्ता, विशेष शिक्षक उर्वशी राजपूत, शिक्षा विभाग के एमआरसी प्रदीप शर्मा उपस्थित रहे।
केंद्र में मूक-बधिर और दिव्यांग बच्चों को साइन लैंग्वेज के माध्यम से इंटरनेशनल साइन डे के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि सरला वर्मा ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के बीच संवाद के लिए इस तरह की पहल आवश्यक है। इन बच्चों को प्यार और दुलार के साथ संवाद की भी आवश्यकता है, जिससे इनके मन की बात सुनी जा सके।
किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य रंजीत गुप्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश की दिव्यांगजन नीति बनने वाली है, जो जल्द क्रियान्वित होगी। विशेष शिक्षक उर्वशी राजपूत ने बच्चों को साइन लैंग्वेज के महत्व के बारे में बताया, वहीं एमआरसी प्रदीप शर्मा ने दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्रावास के दिव्यांग बच्चों को शिक्षा सामग्री एवं उपहार भेंट किए गए। इससे पूर्व बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिव्यांग बच्चों के लिए कार्य करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर डीडीआरसी के डॉ. दयाल राजपूत, संजीव भार्गव, विकास शर्मा, मुकेश झा, निसार खान, संगीता चौहान सहित छात्रावास के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








