अनूपपुर/नारी आजीविका महोत्सव का हुआ सफल आयोजन
अनुपपुर /मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र में नारी आजीविका महोत्सव का आयोजन उत्साह के साथ संपन्न हुआ विकास आत्मनिर्भरता और नारी सशक्तिकरण को समर्पित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सशक्त नारी समृद्ध युवा समृद्ध मध्यप्रदेश की भावना को धरातल पर साकार करना रहा। इसके माध्यम से ग्रामीण युवतियों और महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्राप्त हुआ।कलेक्टर एवं सीईओ के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक शशांक प्रताप ने बताया कि आयोजन मुख्य रूप से पांच प्रमुख स्तंभों संगठन से शक्ति कौशल से समृद्धि शिक्षा से उजाला नई सोच से विकास एवं नवाचार से उड़ान पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम का गरिमामय शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर, जिला पंचायत सदस्य सुश्री भारती केवट एवं श्रीमती पूर्णिमा सिंह की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद जिला प्रबंधक (सूक्ष्म वित्त) श्रीमती अंजू द्विवेदी ने कार्यक्रम की अवधारणा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि श्रीमती पार्वती राठौर ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को जेंडर समानता और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं—श्रीमती फूलबाई, श्रीमती रामबाई, श्रीमती पूजा एवं श्रीमती आरती कोल—ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं और उनके आत्मविश्वास, आजीविका तथा सामाजिक स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
महोत्सव के दौरान ग्रामीण महिलाओं और युवतियों के लिए रस्साकशी, ‘ऐसे कैसे खेल’, म्यूजिकल चेयर, पहेली प्रतियोगिता और रंगोली जैसी विभिन्न खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने इनमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में जीवन ज्योति, एकता एवं सहारा संकुल संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, सीआरपी दीदियों तथा स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। प्रतिभागियों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां उन्होंने इस स्मरणीय आयोजन की यादें संजोईं।
समारोह के अंत में जिला प्रबंधक (IBCB) श्री दीपक मोदनवाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम उत्साह, उमंग और आत्मनिर्भरता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।








