जगह-जगह सजने लगे गणेश पंडाल, सुहाग सामग्री और पूजन सामग्री
की दुकानों पर बढ़ी भीड़; पर्वों को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल
शहडोल। अखिलेश मिश्रा। गणेश चतुर्थी और तीज को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक, खरीदारी के लिए उमड़ रहे लोग गणेश चतुर्थी एवं तीज पर्व को लेकर शहर सहित जिलेभर के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। दोनों पर्वों के नजदीक आते ही बाजारों में रौनक दिखाई देने लगी है। जगह-जगह भगवान श्रीगणेश के पंडाल सजाए जा रहे हैं, वहीं दुकानों पर पूजन सामग्री, फल-फूल, मिठाई, वस्त्र, श्रृंगार सामग्री सहित पर्व से जुड़ी अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
गणेश चतुर्थी को लेकर शहर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख स्थानों पर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समितियों द्वारा आकर्षक पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। कई स्थानों पर विद्युत सजावट और अन्य तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। गणेश उत्सव को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
सुहाग सामग्री की खरीदारी को लेकर महिलाओं में उत्साह
वहीं तीज पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है। महिलाएं व्रत और पूजन की तैयारियों के लिए बाजारों से श्रृंगार सामग्री, चूड़ियां, मेहंदी, साड़ी, वस्त्र, पूजन सामग्री सहित अन्य आवश्यक सामान की खरीदारी कर रही हैं। बाजार में श्रृंगार एवं पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखाई दे रही है।
निर्जला व्रत रखकर करती हैं पूजा-अर्चना
तीज पर्व महिलाओं के लिए विशेष धार्मिक एवं पारंपरिक महत्व रखता है। महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर श्रद्धा के साथ व्रत रखती हैं। कई महिलाएं निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती हैं। पर्व को लेकर घरों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं।








