अनूपपुर: सड़क पर बेखौफ दौड़ रहे बिना नंबर प्लेट के भारी वाहन, उड़ा रहे धूल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सड़क पर बेखौफ दौड़ रहे बिना नंबर प्लेट के भारी वाहन, उड़ा रहे धूल
यातायात नियमों को ठेंगा! जिम्मेदारों की निगरानी पर उठे सवाल, हादसे की आशंका से सहमे राहगीर


अनूपपुर। जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़क पर दौड़ रहे बिना नंबर प्लेट के भारी वाहनों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। कई स्थानों पर भारी वाहन खुलेआम आवागमन करते नजर आ रहे हैं और इनके पीछे उड़ने वाली धूल से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं इन वाहनों पर धूल डस्ट और रखड़ का परिवहन किया जाता है और उनके ऊपर किसी प्रकार का पर्दा या तिरपाल नहीं लगाया जाता जिस कारण से पूरे रास्ते में धूल उड़ता है और वहां से गुजरने वाले लोगों को काफी समस्या होती है। लेकिन इस और किसी का ध्यान नहीं जा रहा है।

बिना नंबर प्लेट वाहन, आखिर किसकी शह पर?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिना नंबर प्लेट अथवा स्पष्ट पहचान के भारी वाहन सड़कों पर किस तरह बेखौफ दौड़ रहे हैं। वाहन चालकों पर यातायात नियमों का कितना पालन कराया जा रहा है, इसे लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। यदि किसी वाहन से दुर्घटना हो जाए तो उसकी पहचान और जिम्मेदारी तय करना भी चुनौती बन सकता है।

धूल के गुबार में छिप रहा खतरा

भारी वाहनों के आवागमन के दौरान सड़क पर धूल का गुबार उठने से सामने से आने वाले वाहन और राहगीर ठीक से दिखाई नहीं देते। इससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ जाती है। धूल के कारण सड़क पर दृश्यता प्रभावित होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

यातायात पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जरूरी है। बावजूद इसके यदि बिना नंबर प्लेट भारी वाहन सड़कों पर लगातार नजर आ रहे हैं तो यह यातायात व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े करता है।