विधायक देवेंद्र जैन ने प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, नगर पालिका को दिए निकासी के निर्देश
शहर में पीएस होटल के पास, सर्किट हाउस रोड से फिजिकल तक कई कॉलोनियों में 2-2 फीट पानी, लोगों में आक्रोश
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। पिछले दो दिन से हो रही लगातार बारिश के कारण शहर की कई निचली बस्तियों और अवैध कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। पानी निकासी की व्यवस्था न होने से लोग परेशान हैं और घरों में पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
शहर के पीएस होटल के पास, सर्किट हाउस रोड, रामबाग कॉलोनी, कमला हेरिटेज के सामने, माधव नगर, हनुमान नगर, नमो नंगे, बरसाना कॉलोनी के आसपास, पुराना बायपास, ग्वालियर बायपास रोड, फतेहपुर, मनिहार, नवाब साहब रोड, कलेक्टर कोठी के पास और फिजिकल रोड सहित कई स्थानों पर जलभराव देखा गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में खेतों में अवैध कॉलोनियां काट दी गई हैं, लेकिन पानी निकासी को लेकर कोई प्लानिंग नहीं की गई। खेतों का पानी कहां निकलेगा, इसका कोई प्रबंध नहीं है, जिसके कारण बरसात में हालात बिगड़ जाते हैं। ग्वालियर बायपास रोड पर पीएस होटल के पास दो-दो फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया।
सूचना मिलने पर शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का नगर पालिका अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्या सुनी और नगर पालिका को जल्द से जल्द पानी निकासी करने के निर्देश दिए। विधायक ने अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने, प्रभावित नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा।






