मिलावट के खिलाफ चला अभियान,खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने लिए दूध और पनीर के नमूने

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर जिले में लगातार जारी है खाद्य पदार्थों की जांच एवं सैंपलिंग कार्रवाई

– *रैपिड किट द्वारा प्रारंभिक परीक्षण कर आमजन को किया जा रहा जागरूक

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत जिले में खाद्य पदार्थों की जांच संबंधी निरीक्षण, नमूना संग्रहण, जनजागरूकता तथा रैपिड किट द्वारा प्रारंभिक परीक्षण संबंधी कार्यवाही लगातार की जा रही है।

*दूध और पनीर के लिए गए नमूने*
अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा आज 01 सितम्बर 2026 को शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर नमूनों का संकलन किया गया। इस दौरान साक्षी दूध डेयरी (फिजिकल रोड, शिवपुरी) से खुले मिश्रित दूध का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त पाल दूध डेयरी (शिवपुरी) से खुले मिश्रित दूध एवं खुले पनीर का नमूना संकलित किया गया।

रैपिड किट से किया गया प्रारंभिक परीक्षण
कार्रवाई के दौरान उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में दोनों खाद्य प्रतिष्ठानों पर दुग्ध एवं दुग्ध पदार्थों की प्रारंभिक जांच संबंधी जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित विक्रेताओं एवं ग्राहकों (क्रेताओं) के समक्ष रैपिड किट के माध्यम से खाद्य पदार्थों का लाइव परीक्षण कर मिलावट की पहचान करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु जिले भर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर नियमित निरीक्षण, सैंपलिंग एवं जनजागरूकता की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।