रक्षाबंधन पर ससुराल गए थे ठेकेदार दंपती, पीछे से टूटे तीन कमरों के ताले
– डॉग स्क्वॉड-फिंगर प्रिंट टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय कॉलोनी, दौलत सिंह होटल के पीछे रविवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। रक्षाबंधन पर्व पर घर में ताला लगाकर बाहर गए ठेकेदार के सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 60 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी।
घटना ठेकेदार मातादीन अग्रवाल के घर की है। बताया गया कि मातादीन अग्रवाल अपनी पत्नी रश्मि अग्रवाल के साथ 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने के लिए कानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे। चार दिन बाद रविवार रात जब दंपती वापस लौटे तो घर के मुख्य गेट सहित तीन कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर प्रवेश करने पर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जिस कमरे में लोहे की अलमारी रखी थी, उसका दरवाजा और अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ मिला।
पीड़िता रश्मि अग्रवाल के अनुसार अलमारी में करीब 27 तोला सोने के हार, चूड़ियां, अंगूठी सहित अन्य जेवर और करीब 4 किलो चांदी के जेवर रखे थे। इसके अलावा घर की दूसरी मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य के लिए 4 लाख रुपए नकद भी अलमारी में रखे थे। चोरों ने पूरी अलमारी खाली कर दी। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए जेवरात पुश्तैनी हैं।
सूचना मिलते ही फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि चोरों ने वारदात से पहले मकान की रेकी की थी। परिवार के बाहर जाने की जानकारी लगने के बाद ही सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया गया है।
फिजिकल थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के घरों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कॉलोनी में हुई इतनी बड़ी चोरी के बाद स्थानीय रहवासियों में दहशत का माहौल है।








