कलेक्टर और GM के बीच सहमति
उमरिया कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की पहल पर मिली प्रशासकीय स्वीकृति, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
घुलघुली/उमरिया। देवलाल सिंह। जिले के घुलघुली कंचन खुली खदान ओशियम कोलमाइंस के समीप स्थित ग्राम पंचायत घुलघुली एवं ददरीटोला के स्कूली बच्चों के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर है। यहाँ के शासकीय विद्यालयों के लिए नवीन शाला भवनों के निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। इसके लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) द्वारा अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद से ₹53.50 लाख की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की गई है।
*कलेक्टर और GM के बीच हुआ समझौता*
भवन निर्माण कार्य को गति देने के लिए जिला कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय तथा एसईसीएल जोहिला क्षेत्र के एजीएम (GM) के मध्य एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति जताते हुए ऐतिहासिक एमओयू सहमति पर हस्ताक्षर किए और दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के लिए जिला कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय द्वारा पहले ही प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। एमओयू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा धरातल पर जल्द ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को जल्द ही आधुनिक, सुंदर और सुरक्षित शाला भवन की सुविधा मिल सकेगी।






