अनूपपुर: गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का भव्य समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का भव्य समापन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान

कोतमा/कुहका खोडरी। शासन के निर्देशानुसार शासकीय सांदीपनि विद्यालय, कुहका खोडरी में 15 जुलाई से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। पखवाड़े का समापन 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित समारोह के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुश्री भारती केवट रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत के सरपंच श्री समय लाल पाव जी ने की, जबकि ग्राम पंचायत की पंच श्रीमती रूपा गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु के ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।

विद्यालय के प्राचार्य श्री दीपक पांडे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, संस्कार एवं शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र (प्रमाण-पत्र) प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी ने गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ।