जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी: पद्मश्री मोहन नागर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

शिवपुरी में नवांकुर संस्थाओं ने किया उपाध्यक्ष का सम्मान

– महाविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम लगाया पौधा

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला शिवपुरी द्वारा रविवार को शासकीय श्रीमंत माधव राव सिंधिया महाविद्यालय के विधि विभाग सभाकक्ष में परिषद के उपाध्यक्ष एवं पद्मश्री से सम्मानित श्री मोहन नागर का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ।

इस अवसर पर परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड और संभागीय समन्वयक सुशील बरूआ का स्वागत किया गया। जिला समन्वयक डॉ. रीना शर्मा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर जिले का प्रगति प्रतिवेदन रखा।

कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड ने कहा कि श्री मोहन नागर को पद्मश्री सम्मान मिलना पूरे परिषद परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने शिवपुरी जिले में हो रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि आगामी समय में परिषद स्वैच्छिकता, सामूहिकता और संगठित होकर सामाजिक क्षेत्र में योगदान दे।

मुख्य अतिथि पद्मश्री श्री मोहन नागर ने कहा कि पानी रूठकर चला गया है, उसे वापस लाने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे। जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और बावड़ियों सहित पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण आज समय की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए अधिक पौधारोपण का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे लगाए गए। अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। संचालन नरवर विकासखंड समन्वयक महेश परिहार ने किया और आभार शिशुपाल सिंह जादौन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में नवांकुर एवं प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।