– रात्रि गश्त के दौरान सूने मकान में चोरी कर रहे चोर को रंगे हाथ पकड़ा, चार पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र
अशोकनगर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय अशोकनगर में शुक्रवार 15 मई 2026 को आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने रात्रि गश्त के दौरान चोरी की वारदात को नाकाम करने वाले चार पुलिसकर्मियों को 2000-2000 रुपये का इनाम एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
दरअसल, 10 मई 2026 की दरम्यानी रात थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गश्त के दौरान पुलिस टीम मंदसौर मिल क्षेत्र में पहुंची थी। यहां एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे चोर को रात्रि गश्त के अधिकारी-कर्मचारियों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्यवाही एवं कर्तव्यनिष्ठा के चलते चोरी की घटना को समय रहते विफल कर दिया गया।
इसी उल्लेखनीय कार्यवाही के लिए निरीक्षक रविप्रताप सिंह चौहान, थाना प्रभारी कोतवाली, उपनिरीक्षक पुनीत दीक्षित, सायबर सेल अशोकनगर, प्रधान आरक्षक लखन खटीक, कोतवाली अशोकनगर एवं आरक्षक 546 जितेन्द्र राजे, कोतवाली अशोकनगर को सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस बल की सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही से अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हो रही है। उन्होंने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा एवं सजगता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया। एसपी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।






