सीबीएसई 12वीं में असफल होने पर छात्र ने दी जान, 24 घंटे बाद दादी ने भी हार्ट अटैक से तोड़ा दम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

पोते की आत्महत्या के सदमे से दादी की मौत

-पोते की मौत की सूचना मिलते ही दादी सदमे में चली गईं और एकाएक तबीयत बिगड़ी

शिवपुरी। रंजीत गुप्ता। शिवपुरी जिले के देहात थाना क्षेत्र के छोटे लुहारपुरा में दो मौतों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में असफल रहने पर 18 वर्षीय आर्यभान सिंह सिसौदिया ने इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड से 12वीं की परीक्षा दी थी। परिणाम में दो विषयों में पूरक आने के बाद उसने अपने घर की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पोते की मौत का सदमा दादी कमला सिसौदिया उम्र 75 साल बर्दाश्त नहीं कर सकीं और हार्ट अटैक से उनका भी जिला चिकित्सालय में निधन हो गया। एक ही परिवार से 24 घंटे के भीतर दो मौतों से मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।

पोते की मौत का असर दादी पर हुआ-

बताया जाता है कि आर्यभान सिंह सिसौदिया ने बुधवार को परीक्षा परिणाम में दो विषयों में पूरक आने के बाद आत्महत्या कर ली थी। परिवार का चिराग बुझने की खबर से घर में कोहराम मच गया। सबसे ज्यादा असर आर्यभान की दादी कमला सिसौदिया पर पड़ा। परिजनों ने बताया कि पोते की मौत की सूचना मिलते ही वे सदमे में चली गईं और एकाएक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया। मृतका प्रदीप सिंह, मनोज सिंह सिसौदिया उर्फ बन्टी और धरमेंद्र सिंह की माँ थीं।

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा-

परिवार पर एक साथ बेटे और माँ को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे लुहारपुरा क्षेत्र में मातम का माहौल है। आसपास के लोग और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। बाद में दिवंगत का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं एक दिन पहले आर्यभान का अंतिम संस्कार किया गया था। इस हृदयविदारक घटना ने परीक्षा परिणाम और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर समाज में गंभीर चिंतन की जरूरत एक बार फिर उजागर कर दी।